BRICS समिट 2026: PM मोदी-पुतिन की थोड़ी देर में मुलाकात, ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान के विमान की भी इंडियन एयरस्पेस में हुई एंट्री
दिल्ली में BRICS समिट 2026 की तैयारियां पूरी हैं और दुनिया की नजर भारत पर टिकी है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचे और तीन दिन के दौरे पर हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद पहली बार भारत आ रहे हैं. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के विमान ने भारतीय एयरस्पेस में एंट्री कर ली है. पुरी में कलाकार मानस कुमार साहू ने सैंड आर्ट बनाकर नेताओं का स्वागत किया.
पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात आज दोपहर होनी है. रक्षा, ऊर्जा और परमाणु सहयोग पर बातचीत होगी. प्रधानमंत्री ईरानी राष्ट्रपति से भी मिलेंगे. शी जिनपिंग शनिवार शाम मोदी से मिलेंगे, जिसमें सीमा विवाद और व्यापार पर चर्चा होगी. शुक्रवार को पुतिन, पेजेशकियान और संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस से मुलाकात होगी. शनिवार को इथियोपिया, मलेशिया, अबू धाबी, वियतनाम और चीन के नेता से बातचीत तय है. रविवार को कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपतियों से मुलाकात होगी.
समिट 13 और 14 सितंबर को भारत मंडपम में होगा. आज स्कूलों में छुट्टी है. दिल्ली में 15 हजार पुलिसकर्मी, 200 पैरामिलिट्री कंपनियां और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं. मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 सड़कें प्रभावित होंगी. नोएडा और द्वारका से जाने वालों को ज्यादा परेशानी हो सकती है. यूपीएससी और एनडीए परीक्षार्थियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है.
मेट्रो सामान्य चलेगी, बसें और टैक्सी भी चलते रहेंगे लेकिन कुछ रूट बदले जा सकते हैं. रोज करीब 70 से 80 हाई सिक्योरिटी मूवमेंट होंगे. मेडिकल इमरजेंसी में तुरंत ट्रैफिक पुलिस को बताने को कहा गया है. फिलीपींस की विदेश सचिव मा थेरेसा लाजारो भी दिल्ली पहुंच चुकी हैं.
समिट में दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया, इथियोपिया समेत कई देशों के नेता और संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस भी शामिल होंगे. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं. AIIB की अध्यक्ष झोउ जियाई की भी दिल्ली पहुंच हो चुकी है.
BRICS बिजनेस फोरम में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि यह साल मील का पत्थर है क्योंकि संस्थागत BRICS सहयोग के 20 साल पूरे हो रहे हैं. ईरान ने पोर्ट-रेल कनेक्टिविटी और साझा ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर का प्रस्ताव रखा. डिजिटल कस्टम्स दस्तावेजों को आपस में मान्यता देने की बात कही गई.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मंच तैयार है. दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत वैश्विक नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करता है. बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने बताया कि BRICS देश दुनिया की दो-तिहाई आबादी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के 40 फीसदी हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं.
NDMC ने 20 हजार गमले और 20 फ्लावर बोर्ड लगाए हैं. शहर को दीवाली की तरह रोशन किया गया है. रूसी CEO ने कहा कि BRICS देशों में कृषि से लेकर हाई-टेक तक विकास की बड़ी संभावनाएं हैं. चीनी पत्रकार ने कहा कि ग्लोबल साउथ की आवाज बुलंद करने में BRICS अहम है.
पीयूष गोयल ने बताया कि भारत के 2.5 लाख स्टार्टअप्स में 45 फीसदी महिला पार्टनर हैं. UPI ने 250 अरब से ज्यादा ट्रांजैक्शन दर्ज किए हैं और 11 देशों में स्वीकार किया जा रहा है. BRICS सदस्य देशों से पेमेंट सिस्टम जोड़ने की अपील की गई.
