BTEUP Result 2026 Declared: BTEUP ने ओड सेमेस्टर रिजल्ट किया घोषित, डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड

राहुल शर्मा
2 Min Read

BTEUP Result 2026 Declared: उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन उत्तर प्रदेश (BTEUP) ने अपने ओड सेमेस्टर (विषम सेमेस्टर) के परिणाम घोषित कर दिए हैं। जो छात्र नवंबर-दिसंबर 2025 में हुई परीक्षाओं में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

इस परिणाम को जारी करने का निर्णय परीक्षा समिति की बैठक के बाद लिया गया। तकनीकी शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई। बाद में इसे बोर्ड के अध्यक्ष और तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसी दिन इस पर अंतिम मुहर लगा दी।

रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को सबसे पहले बीटीईयूपी की आधिकारिक वेबसाइट bteup.ac.in पर जाना होगा। यहां होमपेज पर दिए गए ‘रिजल्ट’ के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एनरोलमेंट नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें। सब्मिट करते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप भविष्य के लिए डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं। कॉलेज प्रशासन को भी छात्रों को सूचित करने और नोटिस बोर्ड पर परिणाम से जुड़ी जानकारी चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, कुछ छात्रों के लिए यह खुशी का पल नहीं है। बोर्ड ने अनुचित साधनों के इस्तेमाल के आरोप में 55 छात्रों का रिजल्ट रोक दिया है। इन छात्रों की सूची अलग से जारी की गई है और उनके परिणाम अगले आदेश तक होल्ड पर रहेंगे।

इसके अलावा, परीक्षा समिति ने 644 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौराए पाया कि कुछ छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं में अपने मोबाइल नंबर लिखे थे, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे छात्रों को संबंधित विषयों में शून्य अंक दिए हैं। उनका रिजल्ट इस दंड के साथ जारी किया गया है, जो बोर्ड की परीक्षा में अनुचित तरीकों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *