चेन्नई में कल रीनो इंडिया ने नए डस्टर का ऐलान कर दिया। यह एसयूवी इस बार नए हाइब्रिड इंजन और ताकतवर फीचर्स के साथ वापसी कर रहा है। कंपनी ने कहा कि ग्राहक अप्रैल 2026 से इसकी बुकिंग शुरू कर सकेंगे।
दस साल पहले डस्टर ने भारत में मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट की शुरुआत की थी। अब यह नई तकनीक और पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन विकल्पों के साथ लौटा है। कार रात 7 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पेश की गई। यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
रीनो के सीईओ स्टीफन डिब्लेस ने कहा कि डस्टर ने भारत में एक नया बाजार बनाया था। अब यह कार और आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कन्फर्म किया कि इस बार डस्टर में हाइब्रिड तकनीक भी मिलेगी।
नया डस्टर CMF-B प्लेटफॉर्म पर बना है। कंपनी के अनुसार, इसने दुनिया के तीन महाद्वीपों पर 10 लाख किलोमीटर से ज्यादा टेस्टिंग की है। भारतीय वर्जन में कुछ खास बदलाव होंगे। इसमें अलग फ्रंट और रियर बम्पर, फुल-विड्थ एलईडी टेल लैंप जैसे फीचर्स होंगे।
पावर ट्रेन विकल्पों में 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.2/1.6 लीटर हाइब्रिड इंजन शामिल हैं। डीजल विकल्प इस बार नहीं मिलेगा। एडवांस फीचर्स में 10-इंच टचस्क्रीन, 7-इंच डिजिटल डैशबोर्ड, वायरलेस चार्जिंग और 360-डिग्री कैमरा होंगे। एडास तकनीक भी मिल सकती है।
माना जा रहा है कि डस्टर की शुरुआती कीमत 10 लाख रुपये से होगी। टॉप मॉडल 20-22 लाख रुपये तक में मिलेगा। इसकी डिलीवरी अप्रैल से शुरू होगी। हाइब्रिड वर्जन त्योहारी सीजन तक बाजार में आएगा।
रीनो डस्टर लॉन्च के बाद टाटा सिएरा, हुंडई क्रेटा, कीया सेल्टोस और मारुति ग्रांड विटारा जैसी कारों से प्रतिस्पर्धा करेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी को इस सेगमेंट में कीमत और फीचर्स का बैलेंस बनाना होगा।
इसके अलावा रीनो इसी प्लेटफॉर्म पर बिगस्टर नाम की सात सीटर एसयूवी भी लेकर आएगी। यह कार डस्टर से 227mm लंबी होगी और इस साल के अंत तक लॉन्च हो सकती है।
