Karnataka News: रान्या राव के सौतेले पिता DGP रामचंद्र राव का अश्लील वीडियो वायरल, सरकार ने लिया एक्शन

राहुल शर्मा
3 Min Read

कर्नाटक की जानी-मानी कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव का एक और मामला सुर्खियों में है। रान्या, जो पहले से ही सोने की तस्करी के केस में जेल की सजा काट रही हैं, अब उनके सौतेले पिता और आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में घिर गए हैं।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक कथित अश्लील वीडियो तेजी से फैलने लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वीडियो में डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव अपने सरकारी बंगले यानी आधिकारिक कार्यालय में महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह वर्दी पहने हुए हैं और कथित तौर पर कार्यालय के घंटों के दौरान महिलाओं के साथ अंतरंग पल बिताते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद कर्नाटक सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए। सीएम ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि कानून के सामने कोई भी बड़ा अधिकारी नहीं बच सकता। इसी आधार पर रामचंद्र राव को उनके पद से सस्पेंड कर दिया गया है।

वहीं, इन आरोपों पर डीजीपी रामचंद्र राव ने साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि यह वीडियो नकली और उनकी छवि खराब करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे और झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। इससे पहले, राव गृह मंत्री से मिलने भी गए थे, लेकिन वहां से उन्हें बिना मिले ही वापस लौटना पड़ा।

बता दें कि रान्या राव पहले भी सोने की तस्करी के मामले को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उन्हें पिछले साल बेंगलुरु एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने दुबई से 14.8 किलोग्राम सोना लाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस केस में उन्हें एक साल की सजा सुनाई गई है और वह अभी भी जेल में हैं। इसी गिरफ्तारी के दौरान यह खुलासा हुआ था कि रामचंद्र राव उनके पिता हैं। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत केस दर्ज किया है और उनकी करोड़ों की संपत्ति जब्त की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *