स्पेन में हुए एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। दक्षिणी स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा कॉर्डोबा शहर के पास रविवार शाम हुआ। इस हादसे को स्पेन की रेलवे की सबसे भयानक घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसके बाद देश में शोक का माहौल है।
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घटनास्थल का दौरा किया और तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। सांचेज ने कहा कि पूरा देश इस दुख की घड़ी में एकजुट है। सरकार हादसे की वजह पता लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और जांच रिपोर्ट पूरी पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक की जाएगी।
हादसे में 120 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। एक ट्रेन मैड्रिड जा रही थी, जब वह पटरी से उतरकर दूसरी लाइन पर चली गई, जहाँ सामने से आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। इस टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों ने इसे भूकंप जैसा बताया।
कॉर्डोबा शहर के पास यह हादसा शाम करीब 7:45 बजे हुआ। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्पेन के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ओस्कर पुएंटे ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के डिब्बे पलट गए और एक किनारे की मिट्टी पर चढ़ गए। हादसे का सबसे ज्यादा असर दूसरी ट्रेन के आगे के डिब्बों पर हुआ, जो मैड्रिड से ह्यूल्वा की ओर जा रही थी।
इस रेल हादसे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। रेलवे ऑपरेटर एडिफ के मुताबिक, शुरुआती जांच में पटरी में खराबी नजर आ रही है। एक ज्वाइंट में गैप बढ़ने की बात सामने आई है, जिसे हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। हालाँकि, अधिकारियों ने कहा है कि पूरी जांच में कम से कम एक महीना लग सकता है।
हादसे के समय दोनों ट्रेनों में करीब 400 यात्री और स्टाफ मौजूद थे। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान के प्रक्रिया जारी है। रेड क्रॉस ने भी राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई है और परिवारों के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था की है।
इस हादसे के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री और राजा-रानी ने भी दुख जताया है। राजा फेलिप षष्ठम और रानी लेटीसिया ने इसे बेहद दुखद घटना बताया है। वहीं, सरकार ने मैड्रिड और दक्षिणी शहरों के बीच हाई-स्पीड ट्रेन सेवाओं को फिलहाल शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया है।
