दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को गुरुवार को मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने फैसला किया कि विमान को ओमान की राजधानी मस्कट में उतारा जाए।
इंडिगो के मुताबिक, 3 सितंबर को संचालित इस फ्लाइट में एक क्रू मेंबर को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी। स्थिति गंभीर होती देख पायलट ने तुरंत विमान का रूट बदल दिया।
मस्कट एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के बाद मेडिकल टीम ने क्रू मेंबर को अटेंड किया। एयरलाइन ने बताया कि अब उनकी हालत बेहतर है।
फ्लाइट के डायवर्ट होने की वजह से यात्रियों को मस्कट में कुछ समय रुकना पड़ा। एयरलाइन की तरफ से यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई और उन्हें उड़ान से जुड़ी जानकारी लगातार दी गई।
इंडिगो ने यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नया क्रू तैयार किया है। फिलहाल बेंगलुरु पहुंचने के समय को लेकर कोई नया अनुमान जारी नहीं किया गया है।
फ्लाइट के रूट बदलने से यात्रियों को हुई परेशानी पर एयरलाइन ने खेद जताया है। इंडिगो ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी के कारण विमान को मस्कट डायवर्ट करने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। एयरलाइन ने इस वजह से हुई असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है।
