भुवनेश्वर। ओडिशा की महिला लाभार्थियों के लिए आज बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार अपनी चर्चित सुभद्रा योजना की अगली किस्त आज यानी 22 जनवरी 2026 को जारी कर रही है। इस दिन लाखों महिलाओं के बैंक खातों में 5,000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
इससे पहले यह किस्त 18 जनवरी को देने की योजना थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे टालकर आज के दिन कर दिया गया है। ओडिशा सरकार ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि आज 4 लाख 57 हजार से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में यह राशि भेजी जाएगी।
सुभद्रा योजना के तहत महिलाओं को साल में 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिसे दो किस्तों में वितरित किया जाता है। पहली किस्त रक्षा बंधन (राखी पूर्णिमा) पर और दूसरी किस्त अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के मौके पर दी जाती है। इस योजना के तहत लाभार्थी को अधिकतम 50,000 रुपये तक का लाभ मिल सकता है।
अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं और अपना नाम चेक करना चाहते हैं, तो आप घर बैठे ही आसानी से लाभार्थी सूची देख सकते हैं। इसके लिए आपको सुभद्रा की आधिकारिक वेबसाइट Subhadra.odisha.gov.in पर जाना होगा। वहां होमपेज पर दिए गए ‘Beneficiary List’ वाले बॉक्स पर क्लिक करें। इसके बाद अपना जिला, ब्लॉक और वार्ड सेलेक्ट करें और व्यू बटन दबाएं। आपके सामने लाभार्थियों की पूरी लिस्ट आ जाएगी।
इस बीच, कई ऐसे सवाल भी हैं जो महिलाओं के मन में उठ रहे हैं। जैसे, क्या वे महिलाएं जिन्हें सरकार की किसी अन्य योजना (जैसे पेंशन या छात्रवृत्ति) के तहत 1,500 रुपये प्रति माह या सालाना 18,000 रुपये से ज्यादा मिल रहे हैं, वे सुभद्रा योजना की किस्त के लिए पात्र नहीं होंगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए और वह ओडिशा की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
कई बार आधार कार्ड और बैंक खाते की डिटेल्स में अंतर की वजह से भी पैसे ट्रांसफर नहीं हो पाते। इसलिए सुनिश्चित करें कि आपके आधार कार्ड में जन्म तिथि सही हो और बैंक खाता आधार से लिंक हो। साथ ही, नाम की स्पेलिंग और पता आधार और बैंक रिकॉर्ड में बिल्कुल मैच होना चाहिए, तभी डीबीटी (DBT) के माध्यम से पैसा आएगा। अगर किसी को आवेदन करने में दिक्कत आ रही है, तो वे अमा सेवा केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर की मदद ले सकते हैं।
