बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के-लड़की से बदसलूकी का मामला अब पुलिस एनकाउंटर तक पहुंच गया है। मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। नंदन के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम का पैर टूट गया है। दोनों प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं और ट्रैक्टर चलाकर बालू ढोने का काम करते थे।
घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। नाबालिग लड़की अपने दोस्त के साथ फोटो खिंचवाने गई थी। उसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने वायरल फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
मंगलवार को फरार चल रहे नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने के बाद उसे जमुई अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि पकड़ने की कोशिश में यह कार्रवाई हुई। दूसरे आरोपी हरेराम यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में चोट लगी है।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, मामले में सात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करते हुए वीडियो वायरल करने वाले करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल धारकों पर भी साइबर थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने अपील की है कि ऐसा वीडियो डाउनलोड, शेयर या दोबारा वायरल न करें।
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
