बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है। पटना के बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में वोटों की गिनती चल रही है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। आज 31 राउंड में गिनती पूरी होगी। हर राउंड में 14 टेबल पर 14 ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। सुबह से ही मतगणना केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात है। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज जाने वाली सड़क पर आम यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सिर्फ मतगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और पास धारक वाहनों को ही जाने की अनुमति है। आम लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
मतगणना केंद्र के अंदर सिर्फ उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा जिनके पास निर्वाचन आयोग का आधिकारिक पास है। प्रत्याशियों और उनके चुनाव एजेंटों की एंट्री गेट नंबर एक से होगी। सख्त चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। सुरक्षा और गोपनीयता को देखते हुए मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है।
सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अपने चुनावी पदार्पण में बीजेपी का यह गढ़ ढहा पाते हैं या नहीं। बांकीपुर सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। यह सीट बीजेपी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनाव मैदान में उतरे हैं। अब तक वे चुनावी रणनीतिकार के तौर पर जाने जाते थे। इस उपचुनाव को उनके राजनीतिक भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है।
