ओप्पो ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन रेनो 15c लॉन्च कर दिया है। यह फोन रेनो 15 सीरीज़ का सबसे सस्ता मॉडल है। कंपनी ने इसे 7,000mAh की बड़ी बैटरी और एआई कैमरा फीचर्स के साथ पेश किया है। प्री-ऑर्डर फ्लिपकार्ट और ओप्पो की वेबसाइट पर शुरू हो चुके हैं।
रेनो 15c की कीमत 8GB रैम वाले वेरिएंट के लिए 34,999 रुपये और 12GB रैम वाले मॉडल के लिए 37,999 रुपये रखी गई है। दोनों वेरिएंट में 256GB स्टोरेज मिलेगी। यूज़र्स को आफ्टरग्लो पिंक और ट्वाइलाइट ब्लू कलर ऑप्शन मिलेंगे।
इस स्मार्टफोन में 6.57 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। डिस्प्ले की रिफ्रेश रेट 120Hz है और पीक ब्राइटनेस 1,400 निट्स तक है। फोन स्नैपड्रैगन 6 जन 1 चिपसेट पर चलेगा। यह एंड्रॉयड 16 और कलरओएस 16 के साथ आता है।
कैमरा सेक्शन में ट्रिपल रियर सेटअप है जिसमें 50MP का मेन सेंसर, 8MP का अल्ट्रा-वाइड और 2MP का मैक्रो लेंस शामिल है। फ्रंट में 50MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है। फोन में 4K वीडियो रिकॉर्डिंग, पॉप आउट, एआई फ्लैश फोटोग्राफी जैसे फीचर्स हैं।
रेनो 15c की सबसे बड़ी खासियत 7,000mAh की बैटरी है जिसे 80W सुपरवूक फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। ओप्पो का दावा है कि यह फोन भारी उपयोग के बाद भी पूरे दिन चलेगा। कंपनी ने इसमें IP66, IP68 और IP69 रेटिंग दी है जो डस्ट और वाटर रेसिस्टेंट होने का दावा करती है।
फ्लिपकार्ट और ओप्पो की वेबसाइट पर खरीदार 3,500 रुपये तक के डिस्काउंट का फायदा उठा सकते हैं। नो-कॉस्ट EMI और एक्सचेंज ऑफर भी उपलब्ध हैं। फोन की सेल 5 फरवरी से शुरू होगी। रेनो 15 सीरीज़ में अब कुल चार मॉडल उपलब्ध होंगे।
