Box Office पर Border 2 का जलवा: दूसरे दिन भी फिल्म ने की 51 करोड़ से ज्यादा कमाई, धुरंधर को छोड़ा पीछे

राहुल शर्मा
3 Min Read

सिनेमाघरों में ‘बॉर्डर 2’ का जलवा कायम है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन भी बंपर कमाई की है। सनी देओल और वरुण धवन स्टारर इस फिल्म ने शनिवार को 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया, जिससे कुल कमाई 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।

इंडस्ट्री ट्रैकर सकनिल्क के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने दूसरे दिन यानी शनिवार शाम 7 बजे तक 21.08 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। इसके साथ ही फिल्म का दो दिनों का कुल नेट डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 51.08 करोड़ रुपये हो गया है।

शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 30 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। इस आंकड़े ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के ओपनिंग डे रिकॉर्ड (28 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ दिया था। इसी के साथ ‘बॉर्डर 2’ इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म बन गई है।

शनिवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी में थोड़ी गिरावट जरूर देखने को मिली। सुबह के शो में करीब 15.51 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही, जो पहले दिन के मुकाबले कम है। लेकिन, शनिवार दोपहर 2 बजे तक फिल्म ने 2.23 लाख टिकटें बेचीं, जिससे साफ है कि दिन भर में कलेक्शन में इजाफा हुआ और फिल्म एक बार फिर 30 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिल्म मास बेल्ट में शानदार प्रदर्शन कर रही है। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में बेहतरीन ऑक्यूपेंसी देखने को मिल रही है। शहरी इलाकों में भी दिन बीतने के साथ भीड़ बढ़ी है। हालांकि, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का असर बिजनेस पर दिखा। लेकिन, पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से वीकेंड पर कलेक्शन में और उछाल आने की उम्मीद है।

सोमवार यानी गणतंत्र दिवस की छुट्टी फिल्म के लिए बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है। एक्सटेंडेड वीकेंड पर फिल्म अपनी सबसे बड़ी कमाई कर सकती है।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 1997 में आई जे.पी. दत्ता की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। इसमें सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और आहन शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। वहीं, मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा और परमवीर चीमा ने भी अहम किरदार निभाए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *