अक्षय कुमार की गाड़ी से एक्सीडेंट: ऑटो चालक को गंभीर चोटें, परिवार ने मांगा मुआवजा और इलाज

राहुल शर्मा
2 Min Read

मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार रात को हुई एक सड़क दुर्घटना ने सुर्खियां बटोरी हैं। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की सुरक्षा में लगी एक गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच जुहू के मुक्तेश्वर रोड पर घटी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक तेज रफ्तार मर्सिडीज गाड़ी ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसके बाद ऑटो अक्षय कुमार के काफिले में शामिल एक दूसरी गाड़ी से जा टकराया। हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पलटी हुई कार और पूरी तरह से टूटा हुआ ऑटो देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी और घायलों की मदद की।

इस घटना में ऑटो चालक को काफी चोटें आई हैं, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल ऑटो चालक के भाई ने मीडिया को बताया कि उसके भाई की हालत ‘गंभीर’ है। उसने परिवार की तरफ से मांग करते हुए कहा, “मेरे भाई का ऑटो पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। हमारी एकमात्र गुजारिश है कि उसे उचित इलाज मिले और खराब हुए ऑटो के बदले मुआवजा दिया जाए।”

पुलिस ने इस मामले में मर्सिडीज चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का केस दर्ज कर लिया है। जांच अभी जारी है। पुलिस स्टेटमेंट के मुताबिक, इस हादसे में अक्षय कुमार और उनके परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी उनकी पत्नी टिंपल खन्ना को एयरपोर्ट से घर छोड़ने जा रही थी। हालांकि, अक्षय या टिंपल की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *