लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस को शव फॉर्च्यूनर गाड़ी से नहर में मिला। फिलहाल जमीन विवाद को लेकर हत्या का शक जताया जा रहा है।
दुबग्गा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम यह सनसनीखेज वारदात हुई। बताया जाता है कि धीरेंद्र को उनकी ही फॉर्च्यूनर कार में गोली मारी गई। इसके बाद हत्यारों ने शव को गाड़ी में ही डालकर नजदीकी नहर में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में जुटी टीम ने शव को कब्जे में लिया और आसपास के इलाकों में दबिश दी। धीरेंद्र लखनऊ के पीजीआई इलाके में रहते थे, लेकिन उनका मूल घर उन्नाव में था।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में जमीन को लेकर रंजिश सामने आई है। मामले में धीरेंद्र के ड्राइवर की भूमिका भी संदेह के दायरे में है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर ने किसी बाहरी व्यक्ति के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिलाया हो।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं परिवार और स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।
